अमरीका के विदेश मंत्री ने कहा है कि वार्ता के दौरान ईरान ने जो कुछ चाहा उसे प्राप्त कर लिया था और उससे घुटने टिकवाने की बात केवल एक खोखला सपना है।
जॉन केरी ने सेनेट के विदेश नीति आयोग की बैठक में कहा कि वार्ता के आरंभ से ही हमने स्पष्ट रूप से कह दिया था कि हम अच्छे समझौते के इच्छुक हैं जो हमें आवश्यक गारंटी दे और जब हमने वार्ता की तो ईरान परमाणु ईंधन चक्र प्राप्त कर चुका था। उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने की कोई बात नहीं थी और उसे परमाणु बम से रोकने के लिए हमारा दूसरा विकल्प एक दूसरी चीज़ थी और आप सभी जानते हैं कि वह क्या थी।
अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान ने एनपीटी के पूरक प्रोटोकोल को स्वीकार करने पर सहमति की थी और यह बात उस पर दृष्टि रखने में हमारी सहायक है। जॉन केरी ने कहा कि इस समझौते के मुक़ाबले में हमारा दूसरा विकल्प यह नहीं है कि सब एकत्रित हो कर ईरान को घुटने टेकने पर विवश कर दें क्योंकि यह एक खोखले सपने के अतिरिक्त कुछ नहीं है। हमारा विकल्प वह समझौता है जो ईरान पर दृष्टि रखेगा और इसका अर्थ यह है कि यह समझौता ईरान को परमाणु बम बनाने से रोकेगा, चाहे वह गुप्त रूप से हो या स्पष्ट रूप से हो।